कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह किस सीट से चुनाव लड़ेंगे, इस पर सस्पेंस खत्म हो गया है। पार्टी ने मध्य प्रदेश की भोपाल लोकसभा सीट से उन्हें उम्मीदवार घोषित किया है। एएनआई के मुताबिक कांग्रेस पार्टी ने दिग्विजय सिंह को भोपाल सीट से टिकट दिया है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने इस बात का ऐलान करते हुए कहा कि दिग्विजय सिंह, भोपाल से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। इससे पहले बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर ने अपनी दावेदारी वापस ले ली थी।
कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को लेकर लगातार ये कयास लग रहे थे कि आखिर वो किस सीट से चुनाव लड़ेंगे। हालांकि दिग्विजय सिंह ने हाल ही में कहा था कि पार्टी जहां से भी टिकट देगी वो वहीं से चुनाव मैदान में उतरने को तैयार हैं। हालांकि राजनीतिक गलियारे में इस बात की चर्चा थी कि दिग्विजय सिंह भोपाल या फिर इंदौर से चुनाव लड़ सकते हैं। आखिरकार सस्पेंस खत्म हो गया है, एएनआई के मुताबिक, दिग्विजय सिंह भोपाल लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में उतरेंगे।